सूबे में कक्षा 9 से 12 तक के दस लाख से ज्यादा छात्रों को इस बार छात्रवृत्ति नहीं मिल पाएगी। इसकी वजह उनका निर्धारित समय के भीतर ऑनलाइन आवेदन न करना है। शासन ने अब अंतिम तिथि न बढ़ाने का फैसला किया है।
इस बार सत्र की शुरुआत एक जुलाई की बजाय एक अप्रैल से की गई थी। इसी के साथ कक्षा 9-12 तक के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 मई तय की गई थी।
लेकिन, 15 मई तक बहुत ही कम छात्रों ने आवेदन किया, इसलिए अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 जून कर दी गई। इस तारीख तक भी पिछले साल के मुकाबले काफी कम आवेदन आए तो शासन ने दूसरी बार अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 जुलाई कर दी।
समाज कल्याण विभाग के मुताबिक, 31 जुलाई तक कक्षा 9-10 के 5 लाख 40 हजार 217 और कक्षा 11-12 के 6 लाख 74 हजार छात्रों ने ही आवेदन किया। जबकि, पिछले वर्षों के आंकड़े बताते हैं कि कक्षा 9-10 में करीब 12 लाख और कक्षा 11-12 में करीब 11 लाख छात्र आवेदन करते रहे हैं।