यूपी के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में शनिवार के दिन छात्र-छात्राओं को अपना स्कूल बैग नहीं लाना होगा। इस दिन केवल ज्वायफुल एक्टिविटी कराई जाएंगी। सरकार शनिवार को ‘नो बैग डे’ घोषित करने जा रही है।
सरकार का मानना है कि इससे छात्रों एवं अध्यापकों के बीच मधुर संबंध स्थापित हो सकेंगे। छात्र-छात्राओं के व्यक्तित्व का भी विकास हो सकेगा।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को हरियाणा राज्य के अपर मुख्य सचिव डॉ. पीके दास एवं शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ हुई बैठक कर रहे थे। इसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
विद्यालयों की प्रबंध समितियों के विवादों के निपटारे का अधिकार अब जिला विद्यालय निरीक्षक के पास नहीं रहेगा। यह अधिकार अब रजिस्ट्रार चिटफंड सोसायटी को देने पर विचार किया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने इस संबंध में प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा को एक सप्ताह में प्रस्ताव तैयार कर पेश करने के लिए कहा है। उन्होंने प्रमुख सचिव से कहा कि शिक्षकों को जनगणना, निर्वाचन एवं प्राकृतिक आपदा के अलावा अन्य किसी कार्यों में इनकी ड्यूटी न लगाई जाए। इसके लिए भी एक प्रस्ताव तैयार करने के लिए कहा है।