फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नितिन गडकरी बोले, लिव-इन संबंध समाज के लिए समस्या

Mon, 04 Apr 2016 02:24 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
नितिन गडकरी - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
केंद्रीय भूतल परिवहन एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने लिव-इन रिलेशनशिप को समाज के लिए समस्या बताया है। लखनऊ में उन्होंने कहा कि यूरोपीय राजनीतिज्ञ अपने यहां लिव-इन से पैदा हो रही समस्याएं बताते हैं तो मैं उन्हें कहता हूं कि भारत में यह समस्या नहीं है।
विज्ञापन


जबकि देश के विकास पर उन्होंने कहा,  किसी भी देश का विकास राष्ट्रवाद के मॉडल से ही संभव है। आजादी के बाद साम्यवाद व समाजवाद की विचारधारा पर देश को चलाने का प्रयास किया गया।

इसमें राष्ट्रवाद काफी पीछे छूट गया, जिसका खामियाजा देश भुगत रहा है। साम्यवाद समाप्त हो चुका है। समाजवाद भी खत्म होने के कगार पर है।

उन्होंने कहा कि भारत का विकास सिर्फ हेडगेवार के राष्ट्रवाद, बाबा साहेब की सामाजिक समरसता और दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय की विचारधारा के आधार पर ही किया जा सकता है।
विज्ञापन


गडकरी रविवार को यहां गोमतीनगर स्थित महामना मालवीय विद्या मंदिर में महामना मालवीय मिशन की ओर से आयोजित बनारस हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना के शताब्दी समारोह में बोल रहे थे।
Trending Videos

पांच साल में निर्मल-अविरल हो जाएगी गंगा

गंगा की सफाई पर ‌गडकरी ने कहा, पांच साल में गंगा निर्मल-अविरल हो जाएगी। इसके लिए यूपी में 15 स्थानों पर सीवर ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) लगाए जा रहे हैं। इनके जरिये गंगा से निकलने वाली गंदगी का शोधन करके बायो सीएनजी तैयार की जाएगी।

उन्होंने कहा कि गंगा देश की जीवन रेखा है, इसे बचाने से देश को ही फायदा होगा। राष्ट्र निर्माण में मदद मिलेगी। महामना पं. मदन मोहन मालवीय ने भी गंगा को बचाने का प्रयास किया था और अब यह काम भाजपा सरकार कर रही है।

गंगा की गंदगी से यूपी में चलाई जा सकती हैं 10 हजार बसें
गडकरी ने कहा कि गंगा से निकलने वाली गंदगी से इतनी मात्रा में बायो-सीएनजी तैयार की जा सकती है, जिससे यूपी में 10 हजार बसों का संचालन किया जा सकता है।
विज्ञापन

सीएनजी संचालन के लिए मुख्यमंत्री से करेंगे बातचीत

केंद्र सरकार बायो-सीएनजी से बसों का संचालन शुरू करने के संबंध में यूपी के सीएम अखिलेश यादव से भी बातचीत करेगी।

यूपी में काफी मात्रा में होने वाले गन्ना उत्पादन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे निकलने वाले इथेनॉल से पेट्रोल-डीजल की खपत में भारी कमी आ सकती है।

बीएचयू के शताब्दी वर्ष में आएंगे पीएम मोदी
इससे पहले रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने नितिन गडकरी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि 25 दिसंबर 2016 को बनारस हिंदू विश्वविद्यालय का शताब्दी वर्ष समारोह मनाया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुलाने के प्रयास किए जाएंगे।

इस मौके पर मालवीय मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनारायण श्रीवास्तव के अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सूर्यप्रताप शाही, पूर्व सांसद राजनाथ सिंह सूर्य, भाजयुमो के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दयाशंकर सिंह और डॉ. शंकर तत्ववादी मौजूद थे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें