केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग व जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार दो हजार करोड़ की लागत से बनने वाले जनकपुर(नेपाल) तक 455 किमी लंबे महामार्ग की घोषणा की। साथ ही अयोध्या-चित्रकूट हाईवे का शिलान्यास किया।
उन्होंने फैजाबाद से रायबरेली तक 102 किमी मार्ग को 400 करोड़ रुपये देने के साथ अंबेडकरनगर में जाम की समस्या से निपटने के लिए बाईपास व रिंगरोड बनाने का भी ऐलान किया। उन्होंने टांडा-कलवारी के बीच एक और पुल बनाने की घोषणा भी की।
फैजाबाद-सुल्तानपुर मार्ग स्थित ब्रम्हबाबा स्थान आयोजित जनसभा स्थल पर करीब पांच घंटे विलंब से शाम 5:50 बजे पहुंचे केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग व जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने हेलीकाप्टर की खराबी बताते हुए देर से आने के लिए क्षमा मांगी। यहां जयश्री राम के जयघोष के बीच देर शाम अरबों की सड़क व जलमार्ग परियोजनाएं देने का ऐलान किया।
चिंता ना करें यूपी के भाजपाई
भाजपाइयों को यूपी सरकार की उपेक्षा पर चिंतित न होने की सलाह देते कहा कि केंद्र में राम भक्तों की सरकार है, अब यूपी का भरपूर विकास होगा। हम 73 सांसद देने के लिए जनता का हक अदा करेंगे। इसका आगाज एक दिन में 15 हजार करोड़ की सड़क परियोजनाएं देकर कर दी है, अब दिसंबर तक यूपी को और 50 हजार करोड़ रुपये के राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने की सौगात देंगे।
अयोध्या-फैजाबाद की उपेक्षा न होने का आश्वासन देते हुए गडकरी ने ऐलान किया कि दो हजार करोड़ की लागत से 455 किमी राम-जानकी मार्ग के साथ ही अब सांसदों की मांग पर रामवनगमन मार्ग अयोध्या से चित्रकूट तक स्वीकृत करता हूं।
फैजाबाद से रायबरेली तक 102 किमी मार्ग को 400 करोड़ देने के साथ अंबेडकरनगर में जाम की समस्या से निपटने के लिए बाईपास व रिंगरोड बनाने का भी ऐलान किया। इसके अलावा टांडा-कलवारी पुल व 232 किमी मार्ग समेत अकबरपुर-बांदा मार्ग पर सुल्तानपुर तक रोड बनाने की घोषणा की।
'मैं झूठ नहीं बोलता, एक-एक वादा पूरा करूंगा'
गड़करी ने कहा कि संसद में 101 जलमार्ग बनाने का बिल पेश करने जा रहा हूं, इसमें सरयू नदी भी शामिल होगी। गडकरी ने कहा कि मैं झूठ नहीं बोलता, एक-एक वादा पूरा करुंगा।
उन्होंने फैजाबाद-सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 96 पर 230 करोड़ की लागत से 46 किमी दो लेन सड़क पटरी समेत सड़क निर्माण कार्य का रिमोट की बटन दबा शिलान्यास किया।
भाषण की शुरूआत जय श्रीराम के जयघोष से की। कहा कि प्रभु रामचंद्र हमारे लिए प्रेरणाश्रोत हैं। लोगों की काफी अपेक्षा है। रामभक्तों की सरकार उसे पूरा करेगी। प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी की चिंताओं से खुद को जोड़ते हुए कहा कि यूपी की सरकार की उपेक्षा का जवाब हम विकास से देंगे।
कहा कि फैजाबाद-सुल्तानपुर रोड का शिलान्यास करने के साथ ही सांसद लल्लू सिंह की मांग पर रायबरेली तक 102 किमी राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए 400 करोड़ धनराशि का प्राविधान करता हूं। 455 किमी राम-जानकी एनएच मार्ग के लिए दो हजार करोड़ की घोषणा करता हूं। रामवनगमन हाईवे अयोध्या से चित्रकूट तक बनेगा।