श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिला योजना समिति की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता प्रदेश सरकार के आबकारी एवं मद्य निषेध राज्यमंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने की। इसके बाद जिला अस्पताल पहुंचे मंत्री ने पोषण पुनर्वास केंद्र का लोकार्पण किया। बाद में उन्होंने ट्रांजिट हाॅस्टल व पुलिस लाइन में निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया।
बैठक में कृषि, सिंचाई एवं जल संसाधन, मनरेगा, सर्व शिक्षा अभियान, राष्ट्रीय शिक्षा अभियान, ग्रामीण आवास, ग्रामीण स्वच्छता कार्यक्रम, पशुपालन विभाग, दुग्ध विकास, सहकारिता, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, अतिरिक्त ऊर्जा, वन, गन्ना सहित अन्य विभागों की योजनाओं प्रस्तावों व विगत वर्ष में अवमुक्त धनराशि के मुकाबले कराए जा रहे कार्य पर चर्चा की। इस दौरान डीएम अजय कुमार द्विवेदी, एसपी घनश्याम चौरसिया, जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा, एमएलसी डॉ प्रज्ञा त्रिपाठी, श्रावस्ती विधायक राम फेरन पांडेय, विधायक भिनगा इंद्राणी वर्मा सहित सभी संबंधित अधिकारी, जिला योजना समिति के सदस्य व पार्टी पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता मौजूद रहे।