बीजेपी स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में बीजेपी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि बीजेपी ने कभी सत्ता के बारे में नहीं सोचा। त्रिपुरा चुनावों में मिली जीत को उन्होंने विचाराधारा की जीत बताया।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि आज अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की बात हो रही है। होनी चाहिये, लेकिन उस पार्टी के लोग भी इसकी बात कर रहे हैं, जिन्होंने लोकतंत्र की हत्या करते हुए तानाशाही लागू की थी। उन्होंने संविधान तक को सुविधानुसार बदल डाला।
गोरखपुर और फूलपुर उपचुनाव में बीजेपी को मिली हार पर उन्होंने कहा कि इससे सरकार की लोकप्रियता पर कोई फर्क नहीं पड़ा है। भाजपा सबका साथ विकास की नीति से चलती है। 2014 में हमारी पूर्ण बहुमत की सरकार बनी जो अंतिम व्यक्ति तक सभी सुविधाओं को पहुंचाने का कार्य कर रही है। यूपी में योगी जी भी अंत्योदय को पूरी तरह से क्रियान्वित करने में लगे हैं।
बीजेपी की स्थापना के विषय पर बोलते हुए कहा 21 राज्यों में भाजपा की सरकार है। 12 मुख्यमंत्री और 8 उप मुख्यमंत्री हमारी पार्टी के है। 1951 में जनसंघ में श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीन दयाल उपाध्याय, नानाजी देशमुख, अटल बिहारी वाजपेयी, लाल कृष्ण आडवाणी, कुशा भाई ठाकरे, मुरली मनोहर जोशी जैसे तमाम नेताओं की प्रेरणा से हम यहां तक पहुंचे।