मेरठ में दलित युवक की हत्या पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने बीजेपी सरकार पर जातिवादी रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। प्रेस नोट जारी करते हुए मायावती ने कहा है कि दलित समाज के युवकों को टारगेट करके उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है।
इतना ही नहीं उनकी हत्या करने जैसे जघन्य अपराध भी हो रहे हैं। बीजेपी सरकार से उन्होंने इस प्रकार की हत्याओं पर जवाब मांगा है। गौरतलब है कि मेरठ के शोभापुर गांव में गोपी पारिया नाम के दलित युवक की हत्या कर दी गई थी। जिसका सज्ञान लेते हुए बसपा सुप्रीमो ने कड़ी निंदा की है।
उन्होंने कहा कि एससी-एसटी एक्ट को बचाने के लिए 2 अप्रैल को हुए देशव्यापी आंदोलन को जातिवादी लोगों द्वारा हिंसा करके बदनाम करने की कोशिश की गई और अब सरकार निर्दोष लोगों को गिरफ्तार करके प्रताड़ित कर रही है।
मायावती ने केंद्र सरकार से देश के सभी राज्यों में हो रही इस तरह की गिरफ्तारी को तत्काल रोकने और एससी-एसटी एक्ट को उसकी मूल भावना के साथ लागू करने की मांग की है।