विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही अचानक जाली नोटों की आमद बढ़ गई है। पुलिस व प्रशासन के बड़े अधिकारियों को आशंका है कि कहीं ये जाली नोट चुनाव में खपाने के लिए तो नहीं आ रहे हैं।
सप्ताहभर में दो गिरोह लखनऊ में और अंबेडकरनगर के अलीगंज इलाके से एक गिरोह पकड़ गया। इन गिरोहों के नौ सदस्यों के पास से पुलिस ने 8.14 लाख रुपये के जाली नोटों की बरामदगी की है। पुलिस गिरोह की कुंडली तैयार कर रही है।
लखनऊ व अंबेडकरनगर पुलिस की सक्रियता से पकड़े गए
इसकी शुरूआत राजधानी के गुडंबा इलाके से हुई। जहां कुकरैल के पास पुलिस व बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी मंगेश उर्फ मंगेश्वर गिरी व उसका साथी विशाल यादव दबोचे गए। बदमाशों के पास से 41600 रुपये बरामद हुए। सारे नोट जाली थे। इसके बाद अंबेडकरनगर की अलीगंज पुलिस ने जाली नोटों के चार तस्करों को दबोच लिया। इनमें नौशाद, लालबहादुर, सरफराज और लालमन यादव है। इनके पास से पुलिस टीम ने 6,22,800 रुपये बरामद किया। आरोपियों ने कुबूला कि अब तक 47 लाख रुपये बाजार में खपा चुके हैं। चारो जाली नोटों की खेप लेकर बस्ती जा रहे थे। चारों के पास से 500 व 200 के जाली नोट मिले थे। पूछताछ में आरोपितों ने नकली नोटों को सब्जी, फल, किराना और सब्जी की दुकानों पर खपाने की बात कुबूली।
डेढ़ लाख रुपये के साथ तीन तस्कर दबोचे गए
सोमवार को तालकटोरा में तीन जाली नोटों के तस्कर पकड़े गए हैं। इनके पास से करीब 1.50 लाख रुपये के जाली नोट बरामद हुए है। साथ में प्रिंटर और स्कैनर बरामद हुए हैं। क्राइम ब्रांच व पश्चिम जोन की पुलिस के कई अधिकारियों ने पूछताछ की। इनमें कई अहम सुराग मिले हैं। जिनके आधार पर कुछ जगहों पर देर रात दबिश दी गई है। जाली नोटों के तस्करों के पकड़े जाने के संबंध में डीसीपी पश्चिम सोमेन वर्मा ने बताया कि अभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, नोटों की असली व जाली होने के प्रमाणिकता के लिए बैंक अफसरों से संपर्क किया जा रहा है। पूरी जानकारी जुटाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गुडंबा में पकड़े गए बदमाशों के इनपुट पर हुई कार्रवाई
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पिछले सोमवार को गुडंबा के नवाबपुर गांव के पास हुई मुठभेड़ में दबोचे गए दो बदमाशों से लंबी पूछताछ की थी, जिसमें जाली नोट की तस्करी के बारे में कई अहम जानकारी मिली। जिसके आधार पर पुलिस ने टीमें लगाकर जानकारी जुटानी शुरू की। इसी कड़ी में तालकटोरा इलाके में तीन संदिग्धों को घेराबंदी की। तीनों के पास से करीब डेढ़ लाख रुपये के जाली नोट मिलने की सूचना है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।