शासन के एक अफसर के मुताबिक विधानभवन और सभी सचिवालयों को एक ही स्थान पर एक साथ बनाने के लिए करीब 1000 एकड़ जमीन की जरूरत होने का अनुमान है। इसमें ज्यादा हिस्सा सरकारी कार्यालयों के लिए और कुछ हिस्सा आवासीय भवनों के लिए रखने का विचार है। सीजी सिटी के आसपास इसके लिए जमीन तलाशने की योजना है।
विचार के लिए बैठक भी बुलाई गई थी
अफसर का कहना है कि इसपर विचार-विमर्श के लिए मुख्य सचिव डॉ. अनूप चंद्र पांडेय की अध्यक्षता में 19 नवंबर को राज्य संपत्ति व सचिवालय प्रशासन विभाग के अफसरों की पहली बैठक बुलाई गई थी। मुख्य सचिव के निर्देश पर फिलहाल यह बैठक स्थगित कर दी गई है।
राजधानी के कई सरकारी कार्यालयों व आवासीय भवनों को भविष्य की जरूरतों के मद्देनजर भीड़भाड़ वाले इलाके से बाहर शहीद पथ और आईटी सिटी के आसपास स्थापित करने का काम शुरू कर दिया गया है। शहीद पथ के पास स्थानीय निकाय के नए निदेशालय भवन में काम शुरू हो गया है। पुलिस मुख्यालय का नया भवन शहीद पथ के पास बनकर तैयार है। आईएएस अधिकारियों ने भविष्य को देखते हुए सीजी सिटी में काडर के अफसरों के लिए आवासीय भवनों के कई टावर व बच्चों की पढ़ाई के लिए संस्कृति स्कूल की स्थापना करवा ली है। सीजी सिटी क्षेत्र में एचसीएल की आईटी सिटी ने काम शुरू कर दिया है। कैंसर इंस्टीट्यूट व आईआईआईटी सहित कई सरकारी प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है।