प्रदेश के शटलरों को मिलेगा नया ठिकाना
लखनऊ। प्रदेश के शटलरों को तराशने के लिए यूपी बैडमिंटन एसोसिएशन ने भारतीय खेल प्राधिकरण ने बड़े प्रोजेक्ट को अमली जामा पहना दिया है। इस पहल के अंतर्गत यूपी बैडमिंटन अकादमी के क्रीड़ा प्रांगण में 100 बेड का छात्रावास बनकर तैयार है। जल्द यही यहां प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तराशकर उच्चस्तरीय ट्रेनिंग दी जाएगी।
इसके अलावा यहां राष्ट्रीय स्तर के कैंप भी आयोजित करने की भी योजना है। इससे यहां पर ट्रेेनिंग करने वाले प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को काफी कुछ सीखने को मिलेगा। कोरोना के संक्रमण के चलते छात्रावास में निर्माण कार्य बाधित हुआ था, लेकिन अब इसे तेजी से तैयार किया जा रहा है ताकि आने वाले दिनों में इसका इस्तेमाल शुरू हो सके। यूपी बैडमिंटन एसोसिएशन के महासचिव अरुण कक्कड़ ने बताया कि साई की बोर्डिंग स्कीम के तहत शुरू होने वाले इस छात्रावास का सबसे अधिक फायदा यूपी के शटलरों को पहुंचेगा। साथ ही यहां अन्य राज्यों के खिलाड़ी भी आकर ट्रेनिंग कर सकते हैं। कोरोना के संक्रमण के बीच खेलों की ट्रेनिंग धीरे-धीरे शुरू होनेे लगी है। जल्द ही हम हॉस्टल के लिए ट्रायल आयोजित करके इसे शुरू करेंगे। उधर साई के रीजनल डायरेक्टर संजय सारस्वत ने बताया साई की हमेशा से यही नीति रही है कि अगर कोई हमें अपनी जगह देता है तो हम उसका उपयोग खेलों के प्रोत्साहन में करेेेंगे। यूपी बैडमिंटन अकादमी मेें बनने वाला हॉस्टल भी इसी योजना के तहत तैयार हुआ है। हमें पूरा विश्वास है कि इस हॉस्टल में यूपी बैडमिंटन एसोसिएशन प्रतिभावान खिलाड़ियों को भर्ती करेगा ताकि यूपी का बैडमिंटन भविष्य उज्ज्वल हो।