रैगिंग की घटनाओं को पूरी तरह से खत्म करने के लिए प्रशासन ने नए तरह के बंदोबस्त कर लिए हैं। नए शैक्षिक सत्र की शुरूआत के साथ ही प्रशासन शिक्षण संस्थाओं में नए प्रवेशार्थियों के साथ आशंकित रैगिंग की रोकथाम में जुट गया है।
जिला प्रशासन की तरफ से रैगिंग मामलों को लेकर संवेदनशील शहर की सभी शिक्षण संस्थाओं के प्रबंधन को पत्र भेजकर परिसर व क्लास रूम में शिक्षण कार्य शुरू होने से पहले सीसीटीवी कैमरे लगवाने अथवा पुरानों को दुरुस्त कराने का निर्देश जारी किया गया है।
जिलाधिकारी की तरफ से जारी निर्देश में साफ किया गया है कि यह कैमरे इस तरह से लगवाए जाए जिससे नए प्रवेशार्थी छात्रावास से लेकर क्लाक रूम के अंदर जाने तक कैमरे की पूरी निगरानी में रहे। इसका उद्देश्य किसी भी स्तर पर रैगिंग जैसे प्रतिबंधित कृत्य की जानकारी पर इसके आरोपियों को चिह्नित कर कार्रवाई के घेरे में लाना होगा।