आठ माह पहले हुई पंचायत चुनाव की मतगणना में 13 मतों से हारने वाली प्रत्याशी के सिर पुर्नमतगणना के बाद जीत का सेहरा बंधा है। प्रधानी का ताज गंवाने वाली राधा रानी ने मतगणना के दौरान बरती गयी धांधली को लेकर हाईकोर्ट तक गुहार लगायी थी। कोर्ट के आदेश पर फिर से हुई मतों की गणना ने पूर्व में हारी प्रत्याशी को दो मतों से जीत का तोहफा दिया। मामला विकास खंड हरगांव से जुड़ी ग्राम पंचायत नकुरीकला का है, जहां प्रधान का ताज पूर्व में हारी राधारानी के सिर सजा है।
विकास खंड हरगांव की ग्राम पंचायत नकुरीकला में बीते अप्रैल माह में हुए पंचायत चुनाव में हुई मतगणना में प्रधान पद की प्रत्याशी कुसुम कुमारी ने 220 मत प्राप्त कर जीत हासिल की थी। उनकी निकटतम प्रतिनिधि राधा रानी 207 मत प्राप्त कर दूसरे स्थान पर रही। हार से असंतुष्ट राधा रानी ने मतगणना के दौरान आरओ बने तत्कालीन जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रामशंकर पांडे पर धांधली बरतने के गंभीर आरोप लगाते हुए पुर्नमतगणना के लिए हाईकोर्ट में रिट दाखिल की थी।
कोर्ट के आदेश पर तहसील लहरपुर में प्रधान पद के मतों की पुर्नगणना तहसीलदार मदन मोहन वर्मा, कानूनगो बीडी यादव व लेखपाल आलोक श्रीवास्तव की मौजूदगी में करायी गयी। इसमें पूर्व में प्रधान पद का चुनाव हारी राधारानी को 201 मत प्राप्त हुए, वही पूर्व में जीती कुसुम कुमारी को 199 मत ही प्राप्त हुए। 94 मत गिनती में शामिल नहीं किए गए।
इस तरह मतों की फिर से हुई गिनती के बाद राधा रानी को दो मतों से विजयी घोषित कर गांव का नया प्रधान निर्वाचित किया गया। जीत के बाद उनके समर्थकों ने मिठाईयां बांटकर खुशियां मनायी। इस दौरान किसी भी तरह का टकराव रोकने के लिए कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार सिंह, तालगांव, हरगांव, तंबौर की पुलिस फोर्स के साथ गांव व तहसील परिसर में मौजूद रहे।