अल्लाह के हुक्म से हजरत इब्राहिम की ओर से पेश की गई अजीम कुर्बानी को याद करते हुए सोमवार को राजधानी में मुसलमानों ने ईद-उल-अजहा की नमाज अकीदत से अदा की। शहर की तमाम मस्जिदों और ईदगाहों में कुर्बानी के जज्बे के साथ लाखों सिर अल्लाह की बारगाह में सजदे में झुक गए। ऐशबाग ईदगाह और टीले वाली मस्जिद में हजारों की तादात में मुसलमान नमाज में शामिल हुए।
वहीं, शिया समुदाय ने आसिफी मस्जिद में नमाज अदा की। इस दौरान देश व प्रदेश में अमन, भाईचारे, बेरोजगारी दूर होने के साथ ही बारिश के लिये दुआ मांगी गई। नमाज के बाद मुसलमानों ने अल्लाह की राह में कुर्बानी देकर हजरत इब्राहिम अलै. और हजरत इस्माइल अलै. की कुर्बानी की याद को ताजा किया।
पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी, सपा विधायक रविदास मेहरोत्र ने ईदगाह पहुच कर ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद दी।
ईद-उल-अजहा पैगम्बर हजरत इब्राहिम अलै. की उस अजीम कुर्बानी की याद दिलाता है जिसमें उन्होंने अल्लाह के हुक्म से अपने प्यारे बेटे हजरत इस्माईल अलै. की सहमति से उनकी कुर्बानी देने से भी पीछे नहीं हटे। उसी कुर्बानी की याद में सोमवार को ईद-उल-अजहा का त्योहार अकीदत के साथ मनाया गया।
ऐशबाग ईदगाह, आसिफी मस्जिद और टीले वाली मस्जिद में सबसे बड़ी जमात में नमाज अदा की गई। ऐशबाग ईदगाह में मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने ईद-उल-अजहा की नमाज अदा कराई। खुतबे से पहले मौलाना फरंगी महली ने हजरत इब्राहिम अलै. की कुर्बानी पर रोशनी डाली। मौलाना ने कहा कि कुर्बानी दो नबियों हजरत इब्राहीम और हजरत इस्माईल की यादगार है। ईद उल अजहा कुर्बानी और अमन का पैग़ाम देती है।
गले मिलकर दी बधाई
ईद की नमाज पढ़ने के बाद लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाई दी। छोटे छोटे बच्चों ने भी नमाज पढ़ने के बाद एक दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाई दी।
योगी ने ईद-उल-अजहा की बधाई दी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को ईद-उल-अजहा की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि ईद-उल-अजहा का त्योहार सभी को मिलजुल कर रहने तथा सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा प्रदान करता है।