इंदिरानगर के सेक्टर नौ में किराये के मकान में रहकर पॉलीटेक्निक में पढ़ रही बलिया के भगवानपुर निवासी अधिवक्ता उमेश कुमार राय की बेटी संस्कृति 21 जून 2018 की रात करीब आठ बजे घर जाने के लिए निकली और गायब हो गई। अगले दिन सुबह उसे मड़ियांव के घैला पुल के नीचे झाड़ियों में मरणासन्न हालत में पड़ा पाया गया।
ट्रामा सेंटर में संस्कृति ने दम तोड़ दिया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले की जांच एसटीएफ को सौंपी थी जिसके बाद सीतापुर के हिस्ट्रीशीटर व ऑटो चालक राजेश को पकड़ लिया गया। उसने अपने चार दोस्तों के साथ लूटपाट के इरादे से हत्या की बात कुबूली थी।
राजेश ने बताया था कि संस्कृति बादशाहनगर रेलवे स्टेशन जाने के लिए उसके ऑटो में बैठी थी। ऑटो में उसके चार दोस्त भी थे। सूनसान रास्ता देख उन्होंने संस्कृति को लूटने का मन बनाया और उसे मड़ियांव के घैला पुल की तरफ ले गए। पुल पर पहुंचते ही संस्कृति का बैग छीना तो वह विरोध करने लगी। धक्का-मुक्की के दौरान वह पुल की रेलिंग से टकरा गई। ऑटो चालक व उसके साथियों ने उसे पुल से नीचे फेंक दिया और भाग गए।