लखनऊ में कैसरबाग के नजरबाग स्थित क्लासिक अपार्टमेंट की छठीं मंजिल से संदिग्ध हालात में गिरकर लाउंज मैनेजर प्रशांत पांडेय (35) की मौत हो गई। प्रशांत तालकटोरा के राजाजीपुरम मीना बेकरी का रहने वाला था। भाई ने इस मामले में हजरतगंज स्थित गॉड फादर लाउंज के मालिक मोहम्मद सैफ और उसके साथियों पर अपहरण व हत्या का आरोप लगाते हुए तालकटोरा थाने पर तहरीर दी।
पुलिस ने पहले अपहरण का मुकदमा दर्ज किया था। देर रात मुकदमे में हत्या की धारा भी जोड़ दी। वहीं, मुख्य आरोपी फरार बताया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिम विकास चंद्र त्रिपाठी के मुताबिक, प्रशांत पांडेय हजरतगंज के पास स्थित लाउंज में बतौर मैनेजर काम करता था।
बुधवार रात करीब 9.30 बजे संदिग्ध हालात में नजरबाग स्थित क्लासिक अपार्टमेंट की छठीं मंजिल से गिरकर प्रशांत गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे खंदारी बाजार चौकी प्रभारी ने घायल प्रशांत को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने जेब से मिले दस्तावेज के आधार पर शिनाख्त की और परिवारीजनों को सूचना दी।
तहरीर देने के दो घंटे बाद आई मौत की खबर
भाई पंकज के मुताबिक, प्रशांत बुधवार शाम पांच बजे घर पहुंचा और एक घंटे बाद लाउंज का मालिक कुछ साथियों संग घर पर आ धमका। उसने प्रशांत पर रुपये चोरी का आरोप लगाया और घर से मारते-पीटते एसयूवी में बैठाकर ले गया। दो घंटे तक प्रशांत नहीं लौटा तो कॉल की गई, लेकिन मोबाइल बंद था।
रात करीब आठ बजे परिवारीजनों के साथ तालकटोरा थाने में पहुंचकर अगवा करने की तहरीर दी। इसमें लाउंज के मालिक और उसके साथियों पर अपहरण का आरोप लगाया। प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह के मुताबिक, मामले की पड़ताल शुरू की गई। प्रशांत के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया। वहीं, लाउंज के मालिक के मोबाइल को भी कॉल की गई, लेकिन सभी नंबर बंद आ रहे थे।
भाई पंकज के मुताबिक, वह परिवारीजनों के साथ करीब नौ बजे थाने से घर पहुंचे। करीब आधे घंटे बाद थाने से सूचना मिली कि प्रशांत कैसरबाग के क्लासिक अपार्टमेंट के पास गंभीर रूप से घायल मिला है। पुलिस उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। ट्रॉमा सेंटर पहुंचने पर पता चला कि उसकी मौत हो गई है। प्रशांत के मौत की सूचना मिलने पर कैसरबाग और तालकटोरा थाने की पुलिस हरकत में आ गई। उसने भाई के तहरीर में आरोपी बनाए गए लाउंज मालिक की तलाश शुरू की।
मारने पीटने के बाद धक्का देकर हत्या का आरोप
भाई ने लाउंज मालिक पर प्रशांत को अगवा कर मारने पीटने और फिर उसे छठी मंजिल से धक्का देकर हत्या का आरोप लगाया है। भाई पंकज के मुताबिक, क्लासिक अपार्टमेंट में ही लाउंज के मालिक का फ्लैट है। घर से प्रशांत को अगवा करने के बाद इसी फ्लैट में बंधक बनाकर रखा गया।
जहां तीन घंटे तक उसकी पिटाई की गई। इसके बाद उसे छठीं मंजिल से धक्का दे दिया गया। इसके बाद आरोपी अपने साथियों संग भाग निकला। प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह के मुताबिक, आरोपी का मोबाइल बंद है। देर रात पुलिस टीम आरोपी के फ्लैट की तलाशी लेने गई थी।