फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शादी के बाद एक माह में ही नवविवाहिता की गला रेतकर हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। मलिहाबाद के भदवाना गांव में मंगलवार को एक नवविवाहिता की ससुराल में गला रेतकर हत्या कर दी गई। दोपहर में भदवाना गांव के लोगों ने मायके वालों को सूचना दी। मायके वाले मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
विज्ञापन

मलिहाबाद के माधवपुर ग्राम पंचायत के फूलचंदखेड़ा निवासी रामसनेही ने अपनी बेटी सरिता (20) की शादी 30 जनवरी को ही क्षेत्र के भदवाना निवासी रामेश्वर के बेटे महेंद्र कुमार उर्फ मोनू से की थी। मंगलवार दोपहर मायके वालों को फोन पर सूचना मिली कि सरिता ने खुदकुशी कर ली है। रामसनेही व परिवार के लोग वहां पहुंचे तो कमरे में सरिता का शव बेड पर पड़ा था। उसके गले पर धारदार हथियार से रेतने का निशान था। शरीर पर तमाम चोटें भी पाईं गईं। सूचना पर मलिहाबाद इंस्पेक्टर नित्यानंद सिंह मौके पर पहुंचे और छानबीन करने के साथ घरवालों से पूछताछ करके शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इंस्पेक्टर ने बताया कि सरिता के पिता ने पति महेंद्र कुमार उर्फ मोनू, सास-ससुर, जेठ रामचंद्र व महेश और दोनों जेठानियों के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति साफ हो सकेगी। वहीं, एसपी ग्रामीण हृदेश कुमार ने भी मौका मुआयना किया। उन्होंने कहा कि जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।
विज्ञापन

दस दिन पहले ही गई थी ससुराल
रामसनेही ने बताया कि शादी के तुरंत बाद ही सरिता की ससुराल वाले कम दहेज मिलने को लेकर उसे परेशान करने लगे थे। मायके से और दहेज लाने की मांग की जा रही थी। पति, दोनों जेठ व जेठानियों के साथ ही सास-ससुर भी दहेज की मांग को लेकर दबाव बना रहे थे। रामसनेही का आरोप है कि उन्होंने ससुराल वालों से मिन्नतें कर दस दिन पहले ही किसी तरह सरिता को ससुराल भेजा था। सरिता रोज फोन कर वहां परेशान किए जाने की जानकारी देती थी मगर इस बात का जरा भी अंदेशा नहीं था कि ससुराल वाले उसे मार ही डालेंगे।
काम पर गया था पति
सरिता का पति महेंद्र कुमार उर्फ मोनू शहर के गोमतीनगर इलाके में प्राइवेट नौकरी करता था। मंगलवार दोपहर जिस वक्त सरिता का शव मिला, मोनू काम पर गया था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि ससुराल के अन्य लोगों ने सरिता की हत्या की या फिर मोनू ही उसे मौत के घाट उतारकर भाग गया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण व समय का पता चलने की बात कही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें