लखनऊ। नगर निगम के अफसरों ने मंगलवार सुबह शहर की सफाई व्यवस्था को औचक निरीक्षण किया तो गोमतीनगर से लेकर शहीद पथ तक और अलीगंज से लेकर सीतापुर रोड तक हर जगह गंदगी ही मिली। कहीं झाड़ू नहीं लगी थी, तो कहीं पर जगह-जगह कूडे़ के ढेर लगे थे। नालियां भी चोक मिलीं।
आलमबाग इलाके में उन जगहों पर भी खाली प्लाॅटों से कूड़ा नहीं हटाया गया, जहां पूर्व में जिले के प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए थे। कई जगह लोगों ने यह भी बताया कि डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन करने वाली गाड़ी रोज नहीं आती है। एक और दो दिन के अंतर पर आती है। सफाई कार्य में इस लापरवाही पर लखनऊ स्वच्छता अभियान ( रामकी) और लायन इनवायरो कंपनी पर करीब साढ़े तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
सफाई कार्य में लापरवाही की आ रही शिकायतों को देखते हुए नगर आयुक्त गौरव कुमार ने मंगलवार को सभी आठों जोनों में सफाई व्यवस्था की हकीकत जानने को लेकर औचक निरीक्षण कराया। इस दौरान अफसरों को ज्यादातर जगह सफाई व्यवस्था बदहाल मिली।अपर नगर आयुक्त अरुण गुप्ता ने जोन दो और पांच का निरीक्षण किया। इस दौरान आजाद नगर में निरीक्षण के दौरान जगह-जगह गंदगी मिली। यही हाल जोन दो में आने वाले ऐशबाग, मालवीय नगर, मवैया और तिलक नगर इलाकों में दिखा। जिसको लेकर निजी कंपनी लायन इनवायरो पर 1.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। अपर नगर आयुक्त नम्रता सिंह ने जोन तीन आने वाले अलीगंज, सीतापुर रोड और जोन चार में आने वाले गोमती नगर, शहीद पथ आदि इलाकों का निरीक्षण किसा। इस दौरान सफाई व्यवस्था खराब मिली। जिसको लेकर उन्होंने निजी कंपनी रामकी पर 2.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
गंदगी फैलाने वाले 51 लोगों को हुआ चालान
निरीक्षण के दौरान कई जगह लोग गंदगी फैलाते मिले। इस पर उनका चालान काटा गया और 1.27 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ भी कार्रवाई की गई, जिसमें 57,500 रुपये जुर्माना वसूल किया गया।
इस्माइलगंज प्रथम वार्ड में एक सप्ताह से नहीं उठ रहा कूड़ा
इस्माइलगंज प्रथम वार्ड के पार्षद मुकेश सिंह चौहान ने बताया कि छह दिनों से घरों से कूड़ा नहीं लिया जा रहा है। कंपनी की गाड़ी नहीं आ रही है। इससे लोगों के घरों कूड़ा सड़ रहा है और जनता परेशान हो रही है। कंपनी को शिकायत करने पर किसी प्रकार का निस्तारण नहीं किया जा रहा है। कंपनी के अनुबंध के अनुसार प्रतिदिन कूड़ा उठाया जाना आवश्यक है, मगर ऐसा नहीं हो रहा है। जनता से यूजर चार्ज का ऑनलाइन अग्रिम भुगतान लिया जा रहा है, ऐसे में जनता को बिना सेवा दिए उससे यूजर चार्ज लेना जनता के साथ अन्याय है। फैजुल्लागंज तृतीय वार्ड के पार्षद प्रदीप शुक्ला ने बताया एक सप्ताह से वार्ड में सफाई व्यवस्था ठप है। शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है।