लखनऊ। पारा में रविवार को अवैध डेयरी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम पर पशुपालकों ने पथराव कर दिया। हमले में बुद्धेश्वर चौकी प्रभारी दरोगा विनय पटेल और निगम के तीन कर्मचारी घायल हो गए। दरोगा के सिर में छह टांके लगे हैं।
हमले में निगम के तीन सरकारी वाहनों के शीशे भी टूट गए। मामले में चौकी प्रभारी की तहरीर पर 12 नामजद समेत 12 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। निगम की ओर से भी तहरीर दी गई है। करीब दस दिन पहले अर्जुनगंज में छुट्टा गाय के हमले में एक बच्ची के घायल होने के बाद निगम ने छुट्टा पशुओं और अवैध डेयरियों के खिलाफ अभियान तेज किया है।
रविवार शाम करीब चार बजे निगम की टीम पारा पहुंची थी। पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा के मुताबिक टीम ने कार्रवाई शुरू की तो कुछ लोगों ने विरोध करते हुए पथराव कर दिया। हमलावरों ने चौकी प्रभारी को दौड़ाकर पीटा। उनकी वर्दी फट गई। वह कीचड़ में गिरकर घायल हो गए। उन पर लोहे की जंजीर से हमला करने का भी आरोप है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सिर में छह टांके लगे।
नगर निगम के कर्मचारी अवधेश कुमार, अभिनव और फुरकान भी घायल हुए। जोन छह के प्रभारी पशु कल्याण अधिकारी अवधेश कुमार ने पारा थाने में तहरीर दी है।
24 के खिलाफ एफआईआर
इंस्पेक्टर पारा सुरेश सिंह के मुताबिक अबरार, इमरान, सालून, सुबिल, सराफत, अतीक, आशिफ, वारिश, नसीम, रानू, जीशान, नाफिश समेत 12 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। टीम ने मौके से 18 भैंसें पकड़ीं। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश की जा रही है।
घायल दरोगा और घटनास्थल की फुटेज।
घायल दरोगा और घटनास्थल की फुटेज।
घायल दरोगा और घटनास्थल की फुटेज।
घायल दरोगा और घटनास्थल की फुटेज।
घायल दरोगा और घटनास्थल की फुटेज।