लखनऊ। नगर निगम की टीम ने सोमवार को इंदिरानगर सब्जी मंडी और आशियाना में खजाना चौराहे के पास सड़क से 75 कब्जे हटवाए। कार्रवाई के बीच टीम को विरोध का भी सामना करना पड़ा। जुर्माना भी वसूला गया।
जोन आठ के जोनल अधिकारी अजीत राय ने बताया कि एक सप्ताह पहले खजाना मार्केट के पास अतिक्रमण हटाने के दौरान दुकानदारों ने टीम पर पथराव भी किया था। सोमवार को अभियान के दौरान पर्याप्त पुलिस बल रहने से विरोध करने वाले आगे नहीं आए।
खजाना चौराहे से बंगला बाजार पुलिस चौकी तक डिवाइडर पर 50 फल-सब्जी वाले दुकानें लगा रहे थे, जिससे जाम लग रहा था। कई बार मना करने पर भी नहीं मानने पर सोमवार को इन्हें यहां से हटाकर सामान भी जब्त किया गया। अभियान के दौरान 15 हजार रुपये जुर्माना भी वसूला गया।
उधर, जोन सात में जोनल अधिकारी आकाश कुमार की अगुवाई में इंदिरानगर में सेक्टर 17 सब्जी मंडी के आसपास अभियान चलाया गया। इसमें सड़क पटरी से 25 दुकानों को हटाकर दो ठेले और एक गैस सिलेंडर जब्त किया गया। दोबारा कब्जा न हो उसके लिए पुलिस को सूचना दी गई है।