गोमती नगर विस्तार में काम करने गए लिफ्ट इंजीनियर को बंधक बनाकर लोगों ने पीटा, लिफ्ट इंजीनियर था
लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार सेक्टर एक में शंख इंटरप्राइजेज के सीईओ श्रवण विश्वकर्मा ने लिफ्ट कंपनी के कर्मचारियों को बंधक बना लिया। आरोप है कि साथियों के साथ उन्होंने सभी को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद उल्टा टांगकर उनकी पिटाई की। पीड़ित कर्मी की तहरीर पर गोमतीनगर विस्तार थाने में सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार अवस्थी के मुताबिक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
मल्हौर निवासी प्रभात लोहानी मेसर्स जानखन लिफ्ट प्रा. लि. में सेल्स रिप्रेजेंटेटिव का काम करते हैं। प्रभात के मुताबिक सोमवार को वह वरदान खंड स्थित शंख इंटरप्राइजेज के यहां लिफ्ट का काम करने गए थे। प्रभात के साथ उनके सहकर्मी पवन यादव, प्रवेश कुमार, राजमनी मौर्य और अभिलांशु त्रिपाठी भी मौजूद थे। सभी लिफ्ट लगाने का काम कर रहे थे। आरोप है कि काम में देरी का आरोप लगाकर श्रवण ने गाली गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर श्रवण, आलोक पांडेय, संगम, अभिरल अग्रवाल और उपेंद्र सिंह समेत अन्य ने सभी को एक कमरे में बंद कर दिया। आरोपियों ने सभी के मोबाइल फोन भी छीन लिए। इसके बाद कमरे में ही उल्टा टांगकर पिटाई शुरू कर दी। आरोपी जान से मारने की धमकी देते रहे। पीड़ितों ने किसी तरह कंपनी के अन्य कर्मचारियों को घटना की सूचना दी। कंपनी के एचआर दुर्गेश पांडेय ने 112 पर फोन कर घटना के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस वहां पहुंची और कर्मचारियों को मुक्त कराया।
एक दिन में लिफ्ट लगाने का बना रहे थे दबाव
पीड़ित कर्मचारियों ने बताया कि श्रवण एक दिन में ही लिफ्ट का काम खत्म करने का दबाव बना रहा था। इस पर कर्मचारियों ने कहा कि काम में वक्त लगेगा। एक दिन में काम नहीं हो सकता। इसी बात पर श्रवण नाराज हो गया और अभद्रता शुरू कर दी। पिटाई से प्रभात को काफी चोट भी आई है। प्रभात को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। इंस्पेक्टर के मुताबिक मौके से तीन आरोपी आलोक कुमार पांडेय, प्रशांत सिंह और उपेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएंगे। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।