यूपी में पॉलीटेक्निक में अब मल्टीपल इंट्री-एग्जिट का विकल्प मिलेगा। 2026-27 के सत्र में नई शिक्षा नीति लागू करने की तैयारी है। नए सत्र में एक दर्जन पीजी डिप्लोमा कोर्स अपग्रेड होंगे। अब कोर्स तीन साल के होंगे। साथ ही एक साल में भी एग्जिट मिलेगा।
उत्तर प्रदेश के 4000 से अधिक पॉलीटेक्निक संस्थानों में नए सत्र 2026-27 से प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के तहत एक, दो व तीन साल की पढ़ाई करने पर इंट्री-एग्जिट का भी विकल्प मिलेगा। प्राविधिक शिक्षा विभाग अपने पुराने कोर्सों को अपग्रेड करने के साथ ही नई शिक्षा नीति (एनईपी) को लागू करने में जुट गया है।
विज्ञापन
प्राविधिक शिक्षा विभाग की ओर से 45 पॉलीटेक्निकों के साथ-साथ अपने यहां पुराने और कम प्रवेश वाले कोर्सों को अपग्रेड किया जा रहा है। विभाग की ओर से आर्टीफिशियल इंटेलीजेंस, मशीन लर्निंग, डाटा साइंस के कोर्स को तीन साल के कोर्स में अपग्रेड किया जाएगा। इतना ही नहीं तीन साल के इस कोर्स में इंटर्नशिप भी शामिल की जा रही है। वहीं, एनईपी लागू होने से छात्रों के लिए पढ़ाई की व्यवस्था और लचीली हो जाएगी। प्राविधिक शिक्षा विभाग इस प्रक्रिया को अंतिम रूप देने में जुटा है, ताकि नए सत्र 2026-27 से इसे लागू किया जा सके।
ये एक दर्जन कोर्स होंगे अपग्रेड
पीजी डिप्लोमा इन एकाउंटेंसी
पीजी डिप्लोमा इन कंप्यूटर हार्डवेयर एंड नेटवर्किंग
पीजी डिप्लोमा इन साइबर सिक्योरिटी
पीजी डिप्लोमा इन वेब डिजाइनिंग
पीजी डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन
पीजी डिप्लोमा इन रिटेल मैनेजमेंट
पीजी डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन
पीजी डिप्लोमा इन मार्केटिंग एंड सेल्स मैनेजमेंट
पीजी डिप्लोमा इन बायो टेक्नोलॉजी
पीजी डिप्लोमा इन ड्रोन टेक्नोलॉजी
पीजी डिप्लोमा इन मशीन लर्निंग
पीजी डिप्लोमा इन इंटरनेट ऑफ थिंग्स
शिक्षक भी होंगे इधर-उधर
प्रदेश के पॉलीटेक्निक संस्थानों में कोर्सों को अपग्रेड करने के साथ ही जरूरत के अनुसार यहां के शिक्षकों व इंस्ट्रक्टर को भी इधर-उधर किया जाएगा। विभाग जहां कम प्रवेश और ब्रांच नहीं चल रही है, वहां नई अपग्रेड ब्रांच में पढ़ाई शुरू कराएगा। इसके अनुसार यहां पर शिक्षकों की भी जरूरत पूरी की जाएगी। इसके लिए भी विभाग स्तर पर कवायद पूरी की जा रही है।