जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी में चल रही उठापटक को थामने की कवायद तेज हो गई है।
गुटबंदी वाले जिलों में प्रभारी तैनात करने के बाद सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने खुद चुनावों पर नजर गड़ा दी है। उन्होंने पार्टी नेताओं को इस संबंध में जरूरी निर्देश देने प्रारंभ कर दिए हैं।
सपा ने अधिक से अधिक जिला पंचायत अध्यक्षों को जिताने की रणनीति तैयार की है और सभी जिलों में प्रत्याशी उतार रही है। सहारनपुर को छोड़कर शेष जिलों में उम्मीदवारों की घोषणा हो चुकी है। कोशिश है कि कुछ जगह निर्विरोध निर्वाचन हो जाए। इस काम में सपा के ‘अपने’ ही बाधक बने हुए हैं।
अधिकतर जिलों में सपा की गुटबंदी मुखर है। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी को लेकर सपा नेता आमने-सामने हैं। कुछ जगह अधिकृत और बागी उम्मीद्वारों के बीच मुकाबला है। जहां खेमेबंदी थमने का नाम नहीं ले रही या प्रत्याशी कमजोर पड़ रहा है, वहां उम्मीदवार बदले जा रहे हैं।