पूर्व मुख्यमंत्री व सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की छोटी पुत्रवधू अपर्णा यादव रविवार लगभग तीन बजे जायस पहुंचीं। अपर्णा सीधे मलिक मोहम्मद जायसी शोध संस्थान परिसर में आयोजित जनसभा के मंच पर गईं। अपर्णा यादव ने तिलोई से विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई। कहा कि नेताजी व अखिलेश भैया ने कहा तो वे तिलोई के लोगों की सेवा करने में स्वयं को समर्पित कर देंगी।
अमेठी जिले के जायस के मलिक मोहम्मद जायसी शोध संस्थान में रविवार को आयोजित जनसभा में पहुंचीं मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव ने तिलोई से विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई। कहा कि नेताजी व अखिलेश भैया ने कहा तो वे तिलोई के लोगों की सेवा करने में स्वयं को समर्पित कर देंगी। अपर्णा जनसभा में मौजूद भीड़ से भी गदगद दिखीं।
विज्ञापन
पूर्व मुख्यमंत्री व सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की छोटी पुत्रवधू अपर्णा यादव रविवार लगभग तीन बजे जायस पहुंचीं। अपर्णा सीधे मलिक मोहम्मद जायसी शोध संस्थान परिसर में आयोजित जनसभा के मंच पर गईं जहां मौजूद सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष छोटेलाल यादव व कई अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया।
लोगों को संबोधित करते हुए अपर्णा ने मौजूदा प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। अपर्णा ने जेवर एयर पोर्ट के शिलान्यास के बारे में यह कहकर सरकार की खिल्ली उड़ाई की वहां चीन के एक एयरपोर्ट का मॉडल रखकर शिलान्यास किया गया।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति नेता जी की सोच आज भी सबसे अलग है। सबसे पहले उन्होंने ही महिलाओं के लिए प्रसाधन और रसोई गैस की योजना का प्रारंभ किया था। अपर्णा ने अमेठी संसदीय क्षेत्र की खस्ताहाल सड़कों को लेकर भी व्यंग्य बाण चलाया।
कहा, मैं पहली बार अमेठी संसदीय क्षेत्र के तिलोई विधानसभा क्षेत्र में आई हूं। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सबसे पहले इस क्षेत्र की सड़कों का कायाकल्प कराया जाएगा। मां अहोरवा भवानी का आशीर्वाद लेकर इस क्षेत्र की जनता का दुख दर्द जानने आई हूं।
अपर्णा ने कहा कि यहां की जनता ने हमें प्यार और सम्मान दिया है। मैं यहां के लोगों की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहूंगी। चुनाव किसको लड़ाना है यह काम पार्टी हाईकमान का है। जनसभा में मो. इजहार अहमद समेत बड़ी संख्या में सपा नेता मौजूद रहे।
मंच पर नहीं दिखे सपा जिलाध्यक्ष
मुलायम की छोटी बहू होने के बावजूद सपा के मौजूदा जिलाध्यक्ष राम उदित यादव अपर्णा के कार्यक्रम में कहीं नजर नहीं आए। इतना ही नहीं कुछ नेताओं ने मंच से कहा कि सपा जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को फोन कर जनसभा में नहीं जाने की हिदायत दी थी।
नहीं था कोई निर्देश
सपा जिलाध्यक्ष राम उदित ने कहा कि वे लखनऊ में हैं। उन्हें अपर्णा के कार्यक्रम की कोई सूचना नहीं थी। न ही राष्ट्रीय अध्यक्ष या प्रदेश अध्यक्ष का कोई निर्देश ही था। रही बात फोन कर किसी को मना करने की तो यह बात सिरे से निराधार है।
सपा संरक्षक व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू अपर्णा यादव रविवार को अपने एक दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुंचीं। उनके आगमन की सूचना पर जिला पंचायत सदस्य विकास यादव के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में सपा कार्यकर्ताओं ने अपर्णा यादव का इन्हौना चौराहे पर स्वागत किया।
अपर्णा ने अपने सभी समर्थकों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। इसके बाद अपर्णा यादव का काफिला अहोरवा भवानी के लिए चल पड़ा। अहोरवा भवानी के मंदिर में रीति रिवाज व वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उन्होंने पूजा अर्चना की। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष छोटेलाल यादव, लालता यादव, मिर्जा अशरफ बेग व अतीक अहमद समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सपा नेता की बहन को दिया आशीर्वाद
तिलोई ब्लॉक क्षेत्र के सेमरौता निवासी सपा नेता राहुल अवस्थी की बहन श्वेता अवस्थी की रविवार को शादी है। अपर्णा यादव मां अहोरवा भवानी के दर्शनोपरांत राहुल अवस्थी के सेमरौता स्थित आवास पर पहुंचीं और उनकी बहन को शादी की शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया। इस मौके पर सौरभ अवस्थी, विकास तिवारी, राजकुमार तिवारी, अखिलेश तिवारी व विवेक पाठक समेत तमाम लोग मौजूद रहे।