शिया वक्फ बोर्ड को लेकर प्रदेश सरकार से नाराज चल रहे ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सदस्य मौलाना कल्बे जव्वाद ने सपा सुप्रीमो पर हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अखिलेश यादव का करियर डुबो दिया है। युवा मुख्यमंत्री इतने दबाव में काम करते हैं कि वे निर्णय नहीं ले पाते। उन्होंने कहा कि कोई किसी की सुनवाई क्यों करे जब मुख्यमंत्री की ही सुनवाई नहीं होती।
मौलाना ने राजधानी में दिए अपने बयान में कहा कि सपा सरकार ने शिया समुदाय को कुचलने और बर्बाद करने का जैसा प्रयास किया है, वैसा किसी सरकार ने नहीं किया। हुकूमत की नाइंसाफी से सपा का इस बार सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मुलायम ने युवा मुख्यमंत्री के पीछे जोकरों की फौज छोड़ी है।
वसीम को छोड़, साफ छवि वाले को चुनें चेयरमैन
मौलाना ने सरकार से अपील की कि वह बहाल हुए वक्फ बोर्ड में वसीम रिजवी के अलावा किसी अन्य साफ छवि वाले सदस्य को चेयरमैन चुनें। ताकि भूमाफिया राज खत्म हो सके।
उन्होंने कहा कि शिया व सुन्नी दोनों समुदाय के उलमा व नेता सरकार से मिलने वाले रुतबे और दौलत का नाजायज फायदा उठा रहे हैं और वक्फ को बर्बाद कर रहे हैं।
मौलाना ने कहा कि उन्होंने कभी शिया वक्फ बोर्ड को भंग करने की मांग नहीं की थी। उन्होंने बताया कि दरगाह हजरत अब्बास में सात दिसंबर को रात को होने वाले जलसे में आगे की रणनीति तय की जाएगी।