प्रतापगढ़ से भाजपा सांसद संगम लाल गुप्ता ने कहा, पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी रामपुर खास में अक्सर ही राजनीतिक विरोधियों के साथ मारपीट करवाते हैं। उन पर झूठे मुकदमे लिखवाते हैं। मौके के वीडियो गवाह हैं कि विवाद उनकी तरफ से शुरू हुआ।
केंद्रीय कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य और पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि प्रतापगढ़ में सांसद संगम लाल गुप्ता के साथ किसी भी तरह की कोई अभद्रता नहीं हुई। उनके साथ आए कुछ लोगों ने ही कार्यक्रम का माहौल बिगाड़ा। अपनी बात के समर्थन में उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस में कुछ वीडियो भी प्रस्तुत किए।
विज्ञापन
प्रमोद तिवारी ने कहा कि प्रतापगढ़ के सांसद संगम लाल गुप्ता ने घटना के संबंध में झूठ बोला है। उनके साथ कार्यक्रम में 13-14 लोग नारे लगाते हुए हाल के अंदर आते हैं। ये लोग सीधे मंच पर आकर माइक छीन लेते हैं। उनके साथ आए लोगों में ब्लॉक प्रमुख पद के एक हारे हुए प्रत्याशी भी थे, जो भद्दी-भद्दी गालियां दे रहे थे। भगदड़ में वह गिर गए। सांसद के साथ भाजपा के एक भी पदाधिकारी का न आना और असामाजिक तत्वों को साथ में लाना यह साबित करता है कि यह उनका पूर्व नियोजित षड्यंत्र था।
प्रमोद तिवारी ने कहा कि एक ही घटना की नियमविरुद्ध ढंग से 5 एफआईआर दर्ज कराई गईं। तिवारी ने कहा, आज तक मेरे ऊपर एक भी मुकदमा नहीं है। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर ढाई घंटे जाम लगाने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने कहा, मेरे विधानसभा क्षेत्र रामपुर खास में यह घटना शर्मनाक है, लेकिन सांसद संगम लाल गुप्ता ने इसे रोकने के लिए कुछ नहीं किया। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता द्विजेंद्र त्रिपाठी और शैलेंद्र तिवारी भी मौजूद थे।
विज्ञापन
क्या हुआ मेरे साथ, वीडियो दे रहे गवाही : संगम लाल गुप्ता
प्रतापगढ़ से भाजपा सांसद संगम लाल गुप्ता ने कहा, पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी रामपुर खास में अक्सर ही राजनीतिक विरोधियों के साथ मारपीट करवाते हैं। उन पर झूठे मुकदमे लिखवाते हैं। मौके के वीडियो गवाह हैं कि विवाद उनकी तरफ से शुरू हुआ। मंच पर हमारे लोगों और पुलिस इंस्पेक्टर के साथ उनके लोगों ने मारपीट की। मैं जान बचाकर भागा तो मेरे भी कपड़े फाड़े गए। हाकी और पत्थर से मेरी कार तक तोड़ी गई। यूपी में अब जीरो टॉलरेंस की सरकार है। इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई हो सकी। अब क्षेत्र में किसी की गुंडागर्दी नहीं चलेगी।