माल (लखनऊ) में रिश्तेदारी से मंगलवार शाम बाइक से घर लौटते समय बाइक सवारों को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से रौंद दिया। हादसे में महिला व उसके एक साल के मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति व देवर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको स्थानीय स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
एसओ माल रविंद्र कुमार के अनुसार हरदोई जनपद के अतरौली थाना क्षेत्र के पुन्नई गांव निवासी बृजेश जो पैरों से दिव्यांग है वह अपने छोटे भाई गौरीशंकर, पत्नी गीता व मासूम बेटे शिवांश के साथ बाइक से माल क्षेत्र में किसी रिश्तेदार के यहां आया था। यहां से मंगलवार शाम सभी बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
माल रहीमाबाद रोड पर शेखवापुर गांव के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को रौंद दिया। इससे गीता (30) व उसके एक वर्ष के मासूम बेटे शिवांश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बृजेश व गौरीशंकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। दोनाें घायलों को स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराते हुए ट्रक चालक के बारे में छानबीन शुरू की गई है।