बाइक से पैसे निकालता टप्पेबाज।
- फोटो : अमर उजाला
रायबरेली की सलोन कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को एक कारोबारी की बाइक की डिग्गी तोड़कर टप्पेबाज ने दो लाख 10 हजार रुपये पार कर दिए। घटना की जानकारी होने पर कारोबारी बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने चेहरे पर पानी का छिट्टा मारा तो उसे होश आया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच की। इस दौरान सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में एक टप्पेबाज बाइक की डिग्गी से पैसा निकालते हुए कैद हुआ है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
ये भी पढ़ें - सपा नेताओं ने नई नियमावली का किया विरोध, काले कपड़े पहनकर पहुंचे
ये भी पढ़ें - यूपी विधानमंडल सत्र: सपा विधायक ने नई नियमावली का इस तरह किया विरोध, कुर्ते पर नारे लिख उठाए सवाल
सलोन कोतवाली क्षेत्र के पूरे झपट्टी मजरे भवानीपुर निवासी कमलेश कुमार गांव में ही सरसों तेल की पिराई का कारखाना संचालित करता है। पूर्वाह्न 11 बजे कमलेश ने भारतीय स्टेट बैंक की शाखा सलोन से अपने खाते से दो लाख 10 हजार रुपये निकाले। यह पैसा उसने किसानों को देने के लिए निकाला था। दरअसल, सरसों खरीदने पर किसानों का पैसा बकाया था। बैंक से पैसा निकालकर कारखाना जा रहा था।
सलोन कस्बा स्थित मंगलम गारमेंट्स की दुकान पर कुछ देर के लिए रुककर कुछ काम करने लगा। इसके बाद वह अपनी बाइक से सीधे अपने कारखाना पहुंचा। जब उसने बाइक की डिग्गी खोली तो देखा कि उसमें से रुपयों से भरा बैग गायब है। पीड़ित की सूचना पर पीआरवी 112 पहुंची। घटना से क्षेत्रीय लोगों में दहशत फैल गई। कोतवाल श्याम कुमार पाल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द उसे पकड़कर पैसा बरामद किया जाएगा।