प्रदेश में पॉलीटेक्निक संस्थानों के दूसरे व तीसरे सेमेस्टर के करीब सवा दो लाख विद्यार्थी अगले सेमेस्टर में प्रोन्नत किए जाएंगे। शासन ने उनके प्रमोशन परिणाम पर मुहर लगा दी है। प्राविधिक शिक्षा परिषद अगले हफ्ते इसे जारी कर देगी। पॉलीटेक्निक संस्थानों में अंतिम सेमेस्टर की मुख्य परीक्षाएं हो चुकी हैं।
बैक पेपर व विशेष बैक पेपर की परीक्षाएं चल रही हैं। जबकि दूसरे व तीसरे सेमेस्टर के विद्यार्थियों को बिना परीक्षाएं ही प्रोन्नत करने का फैसला किया गया है। इनमें इंजीनियरिंग के 1,69,501 और फार्मेसी के 56,383 विद्यार्थी शामिल हैं। परिषद इन विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम जारी करने की प्रक्रियाएं पूरी कर रही है।
पिछली परीक्षाओं में मिले अंकों के आधार पर तैयार किया गया परिणाम
परिषद के सचिव आरके सिंह ने बताया कि दूसरे व तीसरे सेमेस्टर के विद्यार्थियों के प्रमोशन परिणाम पिछली परीक्षाओं में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार किया गया है। इसमें 50 फीसदी अंक आंतरिक मूल्यांकन और 50 फीसदी अंक पिछली परीक्षाओं के आधार पर दिए गए हैं। इन विद्यार्थियों के प्रमोशन परिणाम परिषद की वेबसाइट पर अगले हफ्ते अपलोड किए जाएंगे। प्रोन्नति के लिए सभी विद्यार्थियों को परीक्षा फॉर्म भरने के निर्देश दिए थे। जिन्होंने परीक्षा फॉर्म जमा भरा है, उनका परिणाम नहीं जारी किया जाएगा।