कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा ने भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को हत्यारा करार दिया।
वह लखनऊ में गोमतीनगर स्थित अपने आवास पर आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा, मोदी जब 18 साल के थे, तब एक खून करके घर से भाग गए थे।
जब मीडियाकर्मियों ने बेनी से इस बाबत सुबूत की मांग की तो बेनी ने कहा, मोदी कई साल से गुजरात के सीएम हैं और उन्होंने सारे सुबूत मिटा दिए होंगे।
भाजपा के लिए वोट ज्यादा लेकिन सीटें कम
बेनी प्रसाद ने दावे के साथ कहा कि प्रदेश में अब तक दो चरणों के मतदान से यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा के लिए ज्यादा वोटिंग हुई है।
उन्होंने आगे कहा कि लेकिन इसका कोई फायदा नहीं होगा क्योंकि भाजपा को सीटें कम मिलेंगी।
वर्मा ने कहा कि एक तिहाई सीट ही भाजपा को मिलेगी जबकि कांग्रेस, सपा, बसपा और रालोद को दो तिहाई सीटें मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को भी लगने लगा है कि वह हार रही है।
अडानी को कश्मीर देना चाहते हैं मोदी
अपने बड़बोलेपन की वजह से सुखियों में रहने वाले बेनी ने मोदी से कई सवाल पूछे।
पढ़ें-राहुल को शाहजादा न कहें मोदी: बेनी
बेनी ने सवाल किया कि क्यों मोदी अचानक कश्मीर से 370 धारा हटाने की वकालत कर रहे हैं।
बेनी ने मोदी पर आरोप लगाया कि वह अड़ानी के दिए पैसे अपना प्रचार कर रहे और धारा 370 खत्म करके पूरा कश्मीर अडानी को देना चाहते हैं।
मैनीफेस्टो में क्यों शामिल है राम-मंदिर मुद्दा
उन्होंने कहा, क्या मोदी बताएंगे कि अचानक उनके भाषण देने का अंदाज क्यों बदल गया है।
अब वह कह रहे हैं कि वह धर्म और जाति के आधार पर राजनीति नहीं करते हैं, फिर क्यों भाजपा के मैनीफेस्टो में राम-मंदिर मुद्दा डाला गया?
पढ़ें- '24 अप्रैल के बाद मोदी की हवा सूनामी में बदल जाएगी'
उन्होंने यह भी कहा कि क्यों भाजपा के मैनीफेस्टो में राम-मंदिर के लिए संविधान संशोधन की बात कही गई है। कॉमन सिविल कोर्ट की बात क्यों की गई है।
बेनी ने कहा कि कोई शक नहीं कि भाजपा मुस्लिम लॉ बोर्ड में परिवर्तन लाए, फिर कोई कैसे मान ले कि भाजपा धर्म और जाति के आधार पर राजनीति नहीं करती है।
पहले भी दिए हैं मोदी के खिलाफ बयान
बेनी प्रसाद वर्मा ने इससे पहले भी मोदी के ऊपर निशाना साधा है। हाल में उन्होंने कहा था कि मोदी ने आरएसएस और भाजपा को खरीद लिया है।
उन्होंने कहा कि यदि भाजपा धोखे से भी सत्ता में आ गई तो देश का बेड़ा गर्क हो जाएगा।
पढ़ें- कभी पीएम नहीं बन पाएंगे मोदी: बेनी
वर्मा ने यह भी कहा कि राहुल गांधी अगले प्रधानमंत्री बनेंगे और उनके सत्ता में आने के छह महीने के भीतर मोदी जेल में होंगे।
बेनी ने मोदी को डेंजर डॉग तक कह दिया था।