कानपुर के भौंती की बंगाली कालोनी में गुरुवार रात रामलीला देखने के दौरान लापता हुए छात्र आकाश की उसकी ही शर्ट से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। अर्धनग्न शव शुक्रवार शाम सचेंडी इलाके में छीतेपुर गांव में एक खेत में मिला। उसके चेहरे और शरीर पर नाखूनों और चोटों के निशान हैं।
पुलिस को आशंका है कि दुष्कर्म के इरादे से वारदात की गई। सचेंडी एसओ, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने छानबीन की पर हत्यारों का सुराग नहीं मिला। पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
पनकी के पनका बहादुर नगर निवासी कृपा शंकर भौंती में पीएसआईटी के पास अंडा का ठेला लगाते हैं। परिवार में पत्नी इंद्रावती, तीन बेटियां और तीन बेटे हैं। आकाश (12) तीन बेटों में बड़ा था।
वह पनका बहादुर नगर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में सातवीं कक्षा का छात्र था। कृपा शंकर ने बताया कि वह गुरुवार रात परिवार के साथ भौंती में बंगाली कालोनी में रामलीला देखने गए थे।