दबंग युवक बस अड्डे के गेट पर पेशाब कर रहे थे। हार्न बजाने पर चालक-परिचालक को धुन दिया। वारदात CCTV में कैद हो गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
राजधानी लखनऊ में कैसरबाग बस अड्डे के गेट पर पेशाब कर रहे दबंगों ने अनुबंधित बस के चालक मो. इरफान व परिचालक अजय को बुरी तरह से पीट दिया। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वजीरगंज पुलिस ने दो नामजद व पांच अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
चालक मो. इरफान के मुताबिक रविवार रात 12 बजे वह कैसरबाग स्थित कार्यशाला से अनुबंधित बस लेकर निकल रहे थे। बस में परिचालक अजय सिंह भी थे। तभी बस अड्डे के गेट संख्या एक पर छेटा बऊआ, मनु सोनकर व पांच अज्ञात लोग पेशाब करने लगे।
बस का आगे का शीशा भी तोड़ दिया
इरफान ने जब उन्हें हटाने के लिए हॉर्न बजाया तो दबंग आग बबूला हो गए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए बस का गेट खोल सीट से खींचते हुए चालक को बाहर निकाल लिया और ईंट गुम्मे से पीटना शुरू कर दिया। यह देख जब परिचालक अजय बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनकी भी पिटाई कर दी गई। आरोपियों ने बस का आगे का शीशा भी तोड़ दिया।
भीड़ जुटती देख धमकाते हुए भाग निकले
भीड़ जुटती देख आरोपियों ने बस की चाबी निकाल ली। धमकाते हुए भाग निकले। पिटाई में मो. इरफान और अजय की आखों में काफी चोटें आईं। पीड़ितों ने वजीरगंज पुलिस से शिकायत की। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक आरोपी छोटा भऊआ को जेल भेजा गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।