लखनऊ में महंगे शौक, मौज-मस्ती व गर्लफ्रेंड की डिमांड पूरी करने के लिए चार नाबालिग छात्र गैंग बनाकर लूट की वारदात अंजाम देते थे। गुडंबा पुलिस ने रविवार को चेकिंग के दौरान चारों छात्रों को धर दबोचा। उनके पास लूट में इस्तेमाल बाइक, पर्स, मोबाइल व कैश बरामद किया।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चारों को बाल सुधार गृह भेजा है। इंस्पेक्टर अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि एसआई ओमपाल सिंह यादव ने फोर्स संग बसेरा मोड़ के पास घेराबंदी करके चार नाबालिग छात्रों को धर दबोचा।
हत्थे चढ़े आरोपी कल्याणुपर के निजी स्कूल में नौवीं के छात्र थे। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह महंगे शौक, ब्रांडेड कपड़े व गर्लफ्रेंड की डिमांड पूरी करने के लिए गैंग बनाकर लूट की वारदात करते थे।
इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी छात्रों ने अलीगंज, विकासनगर, गुडंबा समेत अन्य इलाकों में पर्स स्नैचिंग की आठ वारदातें कुबूली हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह स्कूल से आने बाद शाम को बाइक लेकर लूट की वारदात अंजाम देते थे।
इसके बाद लूट में मिली रकम का बंटवारा करते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट में इस्तेमाल बाइक, तीन मोबाइल, दो पर्स, चांदी पायल, बिछिया, लूट के 6700 रुपये बरामद किए। पुलिस ने बताया कि बाल अपचारियों में एक फौजी का भी बेटा है।