शहर के मौजूदा और भावी चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने रविवार सुबह कड़कड़ाती सर्दी में मिनी मैराथन में हिस्सा लेकर वोटिंग और स्वास्थ्य के लिए जागरूक किया।
इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की लखनऊ ब्रांच और इसकी स्टूडेंट्स बॉडी सिकासा ने कार्यक्रम का आयोजन किया था।
इसमें आईसीएसआई, आईसीडब्ल्यू और लूंबा के स्टूडेंट्स और सदस्यों ने भी भाग लिया।
सीए चैप्टर चेयरमैन सीए शशांक मिश्रा ने बताया कि एक ओर स्टूडेंट्स पर पढ़ाई और प्रोफेशनल पर काम का बढ़ता दबाव सेहत को प्रभावित कर रहा है।
वहीं, वोटिंग में शामिल होना भी इन दोनों वर्गों के लिए जरूरी है। इसको ध्यान में रखते हुए मिनी मैराथन का आयोजन किया गया।
सिकासा की चेयरमैन सीए प्रियंका गर्ग ने बताया कि आईसीएआई भवन से शुरू हुई यह मैराथन गोमतीनगर के विभिन्न हिस्सों से होते हुए मनोज पांडेय चौराहे पर संपन्न हुई।
मैराथन में सीए पवन अग्रवाल सहित विभिन्न सदस्यों और विद्यार्थियों ने सहयोग दिया। वहीं, विद्यार्थी हाथों में तिरंगा लिए ‘जागो वोटर जागो’ का नारा देते हुए दौड़े।
ये रहे विजेता विद्यार्थियों के वर्ग में आईसीडब्ल्यू से निशांत सिंह, सीए आकिब काजमी और प्रखर शुक्ला विजेता बने। वहीं, सदस्यों के वर्ग में सीए राघव कृष्णा, सीए निशित द्विवेदी और सीए संदीप वार्ष्णेय सबसे आगे रहे।