राजधानी के बाद राज्य सरकार आगरा, मेरठ, कानपुर और वाराणसी में भी मेट्रो दौड़ाने की दिशा में कदम बढ़ाने जा रही है। सोमवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अध्यक्षता में प्रस्तावित कैबिनेट की बैठक में इन शहरों में मेट्रो परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को मंजूरी दी जा सकती है।
इसके अलावा मुजफ्फरनगर-सहारनपुर तथा अलीगढ़-मथुरा समेत कई सड़कों के निर्माण के प्रस्तावों को भी मंजूरी मिलने की संभावना है। आजमगढ़ में सहकारी चीनी मिल लगाने के प्रस्ताव को भी हरी झंडी दी जा सकती है।
लखनऊ के बाद अब सरकार ने प्रदेश के कुछ और महानगरों में भी मेट्रो चलाने की योजना को अमलीजामा पहनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। सूत्रों के अनुसार आगरा, मेरठ, कानपुर और वाराणसी में मेट्रो परियोजना की डीपीआर तैयार करा ली गई है। इसे कैबिनेट के समक्ष मंजूरी के लिए रखा जा सकता है। यहां से मंजूरी मिलने के बाद सर्वे आदि की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।