पुरुषों को भी स्तन कैंसर होता है। ज्यादातर पुरुष इससे अनभिज्ञ होते हैं और समय से इलाज न मिलने पर जान भी जा सकती है। यदि परिवार में (मां, बुआ, बहन, मौसी) को कैंसर हो चुका हो तो पूरे परिवार की जांच होनी चाहिए।
यदि समय रहते इसका इलाज शुरू हो जाता है तो ज्यादा उम्र जीने की संभावना 84 फीसदी तक बढ़ जाती है। यह जानकारी रविवार को फाग्सी (फेडरेशन आफ आब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया) व कानपुर आब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी (कोग्स) सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित नेशनल कांफ्रेंस ऑफ आब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी व 27वीं राज्य कांफ्रेंस (यूपीकोग) में डॉ. यशोधरा प्रदीप ने दी।
पुरुषों में महिलाओं की तरह ही स्तन में गांठ बननी शुरू हो जाती है। आम तौर पर इसके लक्षण 60 साल की उम्र से ज्यादा वालों में ही मिलते हैं लेकिन यह किसी भी उम्र में हो सकता है। इसका इलाज भी महिला स्तन कैंसर के इलाज की ही तरह होता है।