औषधीय तेल बनाने के लिए हर्ब इंगुदी के बीजों का किया है इस्तेमाल। स्रोत ः स्वयं
लखनऊ। पुराने घाव भरने के लिए अब महंगी दवाओं की जरूरत नहीं। वैज्ञानिकों ने लंबे शोध के जरिये एक ऐसा प्राकृतिक तेल खोजा है जो पुराने जख्म भी जल्द भर देता है। यही नहीं, यह औषधीय तेल मधुमेह रोगियों के जटिल घाव भी भर देता है। यह तेल है बालनाइटिस एजिप्टियाका जिसे आयुर्वेद में प्राचीन समय से इस्तेमाल किया जाता रहा है। पथरीली पहाड़ियों पर पाई जाने वाली प्राचीन हर्ब इंगुदी के बीजों के इस्तेमाल से इस औषधीय तेल को बनाया गया है।
लखनऊ विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज के असिस्टेंट प्रोफेसर डाॅ. अभिषेक कुमार ने अपने शोध में पाया कि इस तेल के लगाने से मधुमेह रोगी के जटिल घाव भी तेजी से भर गए। अध्ययन के मुताबिक, इस तेल में डियोस्जेनिन, कैफिक एसिड, स्टिगमास्टरॉल और फैटी एसिड्स जैसे तत्व पाए गए, जो घाव भरने की प्राकृतिक शक्ति बढ़ाते हैं। साथ ही जख्म वाले हिस्से में नई त्वचा बनने की प्रक्रिया भी तेज हुई।
यह शोध ''नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज'' पत्रिका में प्रकाशित हुआ है। वैज्ञानिकों का कहना है कि भविष्य में यह तेल एक सस्ता, सुरक्षित और रसायन-मुक्त औषधीय विकल्प बन सकता है, जो इंसानों और पशुओं दोनों के घावों को जल्दी भरने में कारगर साबित होगा।