उन्नाव दुष्कर्म कांड पीड़िता व उसके वकील की हालत गंभीर परन्तु स्थिर बनी हुई है। केजीएमयू ने पीड़िता व उसके वकील की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति पर बुलेटिन जारी किया है।
बुलेटिन के अनुसार, पीड़िता की हालत में थोड़ा सुधार हुआ है जबकि वकील बिना वेटिंलेटर के सांस ले पा रहा है। बता दें कि रायबरेली में हुए सड़क हादसे के बाद दोनों का इलाज केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। जबकि परिवार की दो महिलाओं की हादसे में मौत हो चुकी है।
इसके अलावा, दुष्कर्म कांड के मुख्य आरोपी और भाजपा से निष्कासित विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के खिलाफ सीबीआई का शिकंजा कसता जा रहा है। सीबीआई ने पीड़िता से रायबरेली में हुए हादसे मामले में रविवार को विधायक सेंगर और अन्य आरोपियों के लखनऊ, उन्नाव, फतेहपुर व बांदा में 17 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापे मारे। जांच एजेंसी ने सेंगर के कुछ रिश्तेदारों के यहां भी तलाशी ली।
टीम ने सेंगर के लखनऊ में बहुखंडी स्थित सरकारी आवास के अलावा इंदिरानगर स्थित निजी आवास और गोमतीनगर में रहने वाले सेंगर के एक रिश्तेदार के यहां छापा मारकर तलाशी ली। कुछ अहम दस्तावेज सीबीआई के हाथ लगे हैं, जिन्हें वह अपने साथ ले गई। वहीं, विधायक को उसके सहआरोपी समेत दिल्ली ले जाया गया है।