कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी प्रेमा अवस्थी।
- फोटो : amar ujala
नगर निगम चुनाव में कांग्रेस पार्टी से महापौर पद की प्रत्याशी प्रेमा अवस्थी ने सोमवार को कहा कि लखनऊ में 22 सालों से बीजेपी के मेयर हैं लेकिन पेयजल समस्या दूर नहीं हो सकी। प्रदूषण का स्तर बढ़ने से शहरवासी बीमार हो रहे हैं। अतिक्रमण हटवाने को अधिकारी संजीदा नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जनता की मूलभूत समस्याओं को दूर करना ही हमारी प्राथमिकता है।
गोमतीनगर स्थित अपने आवास पर उन्होंने पत्रकारों से कहा, कांग्रेस ने अपने शासनकाल में लखनऊ की पेयजल समस्या दूर करने को पांच वाटर वर्क्स बनाने की घोषणा की थी लेकिन उसके बाद की सरकारों में महापौर ने पेयजल समस्या को नजरअंदाज किया जिससे एक वाटर वर्क्स ही बन पाया।
प्रेमा ने कहा कि अब शहर की आबादी के लिहाज से आठ वाटर वर्क्स की जरूरत है। उन्होंने कहा, शहर का भूमिगत जलस्तर काफी नीचे पहुंच गया है। कहा, 22 सालों में विकास के नाम पर कुछ नहीं हुआ है। शहर की सड़कें दुरुस्त नहीं हैं, सीवर का पानी रोड पर बहता मिल रहा है।
अधिकांश जगहों पर स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हुई हैं। कहा कि मलिन बस्ती हो या मोहल्लों की सड़कें, नालियों की सफाई व्यवस्था बेहद दयनीय है। स्वच्छ शहरों की सूची में लखनऊ काफी पीछे छूट गया है। लखनऊ की आबोहवा जहरीली बन चुकी है।