पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सपा पर बसपा सरकार की नकल करने, उसकी नीतियां चुराने और योजनाओं का नाम बदलकर वाहवाही लूटने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जिस ‘जनेश्वर मिश्र पार्क’ में सपा सरकार अपने सारे कार्यक्रम कर रही है, उसे बसपा सरकार ने ‘डॉ. अंबेडकर ग्रीन गार्डन’ के नाम से विकसित किया था।
सपा सरकार उसका नाम बदलकर वाहवाही लूट रही है। समय आने पर इसका जवाब जरूर दिया जाएगा। बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने गुरुवार को यहां जारी बयान में कहा कि सपा सरकार को गलत नीतियों से उबरकर बसपा सरकार की नीतियों व योजनाओं को सही ढंग से लागू करना होगा, तभी उसे उनका लाभ मिल पाएगा।
उन्होंने कहा कि 15 जनवरी 2010 को बसपा सरकार ने ‘महामाया गरीब आर्थिक मदद योजना’ शुरू की थी। सपा सरकार ने आते ही इसे रद्द कर दिया।
अब ढाई साल बाद उसी योजना का नाम ‘समाजवादी पेंशन योजना’ रखकर चालू किया गया है।