पिछले 24 घंटों में अलग-अलग क्षेत्रों में भारी बारिश से 33 लोगों की मौत हो गई और 23 घायल हो गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य युद्धस्तर पर चलाने और मृत व्यक्तियों के परिवारीजनों को तत्काल राहत राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
राहत आयुक्त संजय कुमार ने बताया कि भारी बारिश से आगरा में छह, मेरठ और मैनपुरी में 4-4, कासगंज व मुजफ्फरनगर में तीन-तीन, बरेली में दो लोगों की मौत हुई है।
इसके अलावा, कानपुर देहात, मथुरा, गाजियाबाद, हापुड़, रायबरेली, जालौन, प्रतापगढ़, फिरोजाबाद, बुलंदशहर, अमेठी व जौनपुर में एक-एक की मौत हुई है। इनमें तीन स्थानों पर मकान गिरने से दबकर लोग मरे हैं। इस दौरान पांच जानवरों की भी मृत्यु हो गई है।
राहत आयुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री ने संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भारी वर्षा और मकान गिरने के कारण मृत व्यक्तियों के परिवारीजनों को मानक के अनुसार जल्द से जल्द राहत राशि उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, घायलों को समुचित चिकित्सा व्यवस्था और प्रभावितों के लिए तत्काल राहत-पुनर्वास के इंतजाम भी किए जाएं।
उन्होंने भारी वर्षा से क्षतिग्रस्त अवस्थापना सुविधाओं की मरम्मत का कार्य भी तत्काल शुरू कराने को कहा है। सीएम ने राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता और लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करने की चेतावनी भी दी है। आयुक्त ने बताया कि आगरा में चार, मैनपुरी में दो व हापुड़ में मृतक के परिजन को राहत राशि उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने बताया कि बाकी प्रभावित परिवारों में शनिवार दोपहर तक राशि वितरित कर दी जाएगी।