कोरोना वायरस के संक्रमण का पूरे विश्व पर असर पड़ा है। बदलते परिवेश में भविष्य की संभावनाएं देखते हुए अमेरिका की कई कंपनियां उत्तर प्रदेश में निवेश करने की तैयारी में हैं। फिलहाल इन कंपनियों के चीन में कई महत्वपूर्ण निवेश हैं। यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि अब जब अमेरिकी कंपनियों ने उत्तर प्रदेश में रूचि दिखाई है तो प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस अवसर का उपयोग करना चाहते हैं।
यूएस-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम से जुड़े उद्यमियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग संवाद में 100 से अधिक अमेरिकी कंपनियों ने हिस्सा लिया था। जो उद्योग चीन के हाथ से बाहर जा रहे हैं उन्हें भारत कैसे लाया जा सकता है, इसपर विचार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि लॉजिस्टिक्स, साइंटिफिक इंस्ट्रुमेंटेशन, इलेक्ट्रॉनिक और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की कई बड़ी कंपनियां हैं जिन्होंने पहले से ही चीन में निवेश किया हुआ है। मुझे उम्मीद है कि हम अपनी औद्योगिक और क्षेत्रीय नीति में जरूरी बदलाव करके उन्हें उत्तर प्रदेश में निवेश करवाएंगे।