लखनऊ। दुबग्गा के अंधे चौकी कसमंडी की ओर जाने वाले हाईवे किनारे निजी अस्पताल के पास बृहस्पतिवार देर रात ठेकेदार ने आम के बाग से करीब 12 पेड़ काट डाले। इसके बाद लकड़ी लेकर फरार हो गया। वन विभाग ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
अंधे चौकी के झंकारबाग चौराहे के सड़क किनारे की प्रॉपर्टी डीलर ने जमीन बेची थी। इसमें आग के कई पेड़ लगे थे। बृहस्पतिवार रात ठेकेदार ने वन विभाग से बिना आज्ञा लिए 12 पेड़ों को काट दिया। ग्रामीणों ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
ग्रामीणों ने क्षेत्रीय वन दरोगा, वनरक्षक और पुलिस पर आरोप लगाते कहा, मिलीभगत के चलते ठेकेदार दुबग्गा में आम के पेड़ों की जमकर कटान कर रहा है। रेंजर सोनम दीक्षित ने बताया कि चोरी छुपे ठेकेदार ने आम के पेड़ काट डाले हैं। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। इंस्पेक्टर अभिनव वर्मा ने बताया कि वन विभाग को सूचित कर दिया गया है।