विधायक डॉ नीरज बोरा को सम्मानित करते व्यापारी।
लखनऊ। फूलों पर लगने वाला मंडी शुल्क खत्म होने पर किसानों व व्यापारियों में खुशी की लहर है। सोमवार को व्यापारियों ने विधायक डॉ. नीरज बोरा के घर पहुंचकर उनका सम्मान किया। विधायक ने बताया कि पिछले वर्ष सितंबर में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से टमाटर, शिमला, मिर्च, गोभी की तरह फूलों को भी मंडी शुल्क से मुक्त किए जाने की मांग की थी। फिर अक्तूबर में विधानसभा सत्र में सरकार का ध्यान इस ओर दिलाया था। उन्होंने फूलों को विनिर्दिष्ट कृषि उत्पाद से गैर विनिर्दिष्ट श्रेणी में रखने पर मंडी परिषद व सरकार का आभार जताया। कहा, इससे फूलों की खेती करने वाले किसानों व व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल में राहुल कुमार, सूरज, शैलेंद्र कुमार, बाबू, स्नेहा राजपूत, फैज, शकील अहमद, शुएब अहमद, अमना, मो. आसिफ आदि थे।
अभी तक यह थी व्यवस्था
अभी तक फूलों की बिक्री का एक प्रतिशत मंडी शुल्क और आधा फीसदी यूजर चार्ज लिया जाता था। इससे मंडी को हर वर्ष 25 से 30 लाख रुपये की आय होती थी। अब मंडी के बाहर यह शुल्क पूरी तरह से खत्म कर दिया गया है। मंडी परिसर के अंदर फूल बेचने पर एक फीसदी शुल्क लिया जाएगा। शनिवार को मंडी परिषद की बैठक में यह फैसला लिया गया।