लखनऊ। क्रिकेट मैच में भारतीय टीम की हार के बाद मोहनलालगंज के सिसेंडी के एक युवक ने फेसबुक पर पाकिस्तान जिंदाबाद लिख दिया। इससे लोग भड़क गए। करणी सेना व हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने मोहनलालगंज कोतवाली में आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
टी-20 विश्व कप के क्रिकेट मैच में रविवार को भारतीय टीम की हार के बाद सिसेंडी निवासी फैजान खान ने फेसबुक पर पाकिस्तान जिंदाबाद लिख दिया। इससे आक्रोशित करणी सेना के जिला प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह, हिंदू महासभा के अंकित निर्मल, रजत साहू आदि ने सोमवार को मोहनलालगंज कोतवाली में फैजान के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। आरोप लगाया कि फैजान ने फेसबुक पर भारतीय टीम के प्रशंसकों को अपशब्द भी कहे। आरोप लगाया कि पूर्व में भी फैजान ने सिसेंडी में पाकिस्तान के पक्ष में नारेबाजी कर तनाव का माहौल बना दिया था। फैजान के पिता ने लोगों से माफी मांगी थी और पुलिस के समझाने पर मामला शांत हुआ था। इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्र का कहना है कि छानबीन कर आरोपी पर कार्रवाई की जाएगी।