लखनऊ के सरोजनीनगर के गुड़ौरा गांव में रविवार को अमरनाथ तिवारी ने 28 वर्षीय पत्नी पूजा की हत्या के बाद शव कमरे में गाड़ दिया। वारदात का खुलासा तब हुआ जब शाम को अमरनाथ की बहन आरती व मां घर आईं।
पूजा को गायब देख उन्होंने पूछताछ की तो अमरनाथ बहाने बनाने लगा। बरामदे में ताजी मिट्टी देखकर आरती को शक हुआ तो उसने पुलिस को सूचना दी। इस बीच अमरनाथ मौके से भाग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने गड्ढा खोदकर शव बाहर निकाला।
डीआईजी रेंज आरकेएस राठौर ने बताया कि अमरनाथ तिवारी मूलरूप से देवरिया का रहने वाला है और यहां पत्नी के साथ टिन शेड में रहकर मजदूरी करता है। वह शराब का लती है। रविवार दोपहर शराब पीने के दौरान उसका पत्नी से झगड़ा हुआ था। गुस्साए अमरनाथ ने हथौड़ा से पत्नी के सिर पर वार कर दिया।
पूजा जमीन पर गिर पड़ी और कुछ देर में दम तोड़ दिया। इसके बाद अमरनाथ ने कमरे में गड्ढा खोदकर शव गाड़ दिया। शाम को पास ही रहने वाली अमरनाथ की मां और बहन आरती घर आईं।