पुलिस ने मासूम को उसके माता-पिता के हवाले किया
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ के क्वीनमेरी अस्पताल से 12 दिन पहले बच्चा चोरी करने वाली मलिहाबाद निवासी सीमा शुक्ला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं, अपने कलेजे के टुकड़े को देखकर पिता जगदीश भावुक हो उठा। पुलिस ने जैसे ही बच्चे को उसके हाथों में दिया तो खुशी के आंसू छलक पड़े।
बच्चे को सीने से लगाकर जगदीश फफक पड़ा। वह मेडिकल कॉलेज चौकी के प्रभारी रमापति सिंह के पैरों पर गिर गया। रुंधे गले से कहा, साहब पत्नी की बीमारी में सब खर्च हो गया। जेब खाली है इसलिए कोई भेंट नहीं दे पा रहा हूं, लेकिन आपने जो किया, उसके लिए शब्द नहीं हैं।
उसने पुलिस को बार-बार धन्यवाद दिया। जगदीश ने बताया कि उसकी पत्नी ममता की तबीयत ठीक नहीं है। बच्चे के गायब होने के चलते वह हर वक्त रोती रहती है। बच्चे के जन्म के बाद उसे कुछ दिन उपचार के लिए अस्पताल में रखा गया था। हालत कुछ ठीक होने पर वह ममता को घर ले गया, लेकिन दो-तीन दिन में तबीयत फिर बिगड़ गई और उसे दोबारा अस्पताल लाना पड़ा।
उधर, अस्पताल पहुंचे जगदीश ने ममता को लाडला मिलने की खबर दी तो खुशी से वह रोने लगी। बच्चे को ढेर सारा लाड-प्यार किया। फिलहाल, ममता की तबीयत खराब होने के चलते बच्चे को उसके पास नहीं रखा गया है। मासूम अभी पिता की देखरेख में ही है।