पंचायत चुनाव का जुनून लोगों के जेहन पर इस कदर सवार है कि वे जान लेने या देने से भी नहीं हिचक रहे हैं। इसी तरह की घटना में एक अधेड़ ने महज इसलिए जहर खाकर जान दे दी क्योंकि उसकी पत्नी ने बीडीसी सदस्य का चुनाव लड़ने से मना कर दिया था।
मामला बछरावां थाना क्षेत्र के इचौली गांव का है। अधेड़ पत्नी को चुनाव लड़ाने के लिए नामांकन फॉर्म भी खरीद लाया था।
बछरावां थाना क्षेत्र के इचौली गांव निवासी किसान टेनी (45) बीडीसी का चुनाव लड़ना चाहता था, लेकिन सीट महिला के लिए आरक्षित हो गई।
इस पर वह पत्नी गीता को चुनाव लड़ाने के लिए नामांकन पत्र खरीद लाया। शनिवार को उसने पत्नी से नामांकन पत्र भरने को कहा, लेकिन गीता ने चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया।
पत्नी के चुनाव न लड़ने की बात टेनी बर्दाश्त नहीं कर पाया और उसने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिवारीजनों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एसओ एसपी उपाध्याय ने घटना की पुष्टि की है।