केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय।
- फोटो : amar ujala
केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा है कि अपराधियों को संरक्षण और टिकट देने में अखिलेश यादव अपने पिता मुलायम सिंह यादव से भी आगे निकल गए हैं। भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि अखिलेश सरकार ने केंद्र की योजनाओं में रोड़ा अटकाते हुए न सिर्फ प्रदेश का विकास बाधित किया, बल्कि गरीब, दलित और पिछड़े वर्ग को योजनाओं के लाभ से वंचित किया।
उन्होंने कहा कि मोदी-योगी की डबल इंजन सरकार में जनता को हर क्षेत्र में फायदा मिला है। केंद्र की 45 परियोजनाओं में यूपी प्रथम स्थान पर है। भाजपा सरकार के कामों का ही नतीजा है कि पार्टी को विधानसभा चुनाव में जनता का पूर्ण समर्थन मिल रहा है।
उन्होंने दावा किया कि प्रथम चरण के मतदान के बाद चारों तरफ से अच्छी खबरें आ रही हैं। पांडेय ने कहा कि क्षेत्रीय दलों की सरकारों ने सिर्फ परिवार का विकास किया और प्रदेश की दुर्दशा। योगी सरकार ने यूपी को बीमारू राज्य से निकाल कर देश की दूसरी अर्थव्यवस्था वाला प्रदेश बनाया है। अब जनता को केंद्र व राज्य सरकार की सभी योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है।