राज्य ताइक्वांडो प्रतियोगिता के एक मुकाबले में भिड़ते खिलाड़ी
लखनऊ। लखनऊ की प्राची मौर्या, प्रियांशी जुगरान और रिया वर्मा ने 43वीं यूपी स्टेट जूनियर क्योरगी व नौंवी पूमसे ताइक्वांडो चैंपियनशिप में स्वर्णिम सफलता हासिल की। उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में केडी सिंह बाबू स्टेडियम के बैडमिंटन हाल में आयोजित चैंपियनशिप में प्रयागराज की जागृति, आदर्श, आर्यन, अदिति, जौनपुर की रिया व लखीमपुर खीरी की नवदीप कौर ने भी अपने भार वर्गों में स्वर्ण पदक जीते।
चैंपियनशिप के समापन समारोह में उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेश कुमार सिंह शैलू ने पदक विजेताओं को पुरस्कार दिए। एसोसिएशन के सचिव राजकुमार ने बताया कि इस चैंपियनशिप के माध्यम से बंगलूरू (कर्नाटक) में 31 अक्तूबर से दो नवंबर तक होने वाली राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए उत्तर प्रदेश टीम का चयन किया जाएगा। चैंपियनशिप के परिणामों में बालिका अंडर-42 किग्रा में प्रयागराज की जागृति यादव ने स्वर्ण, लखनऊ की वंशिका गौतम ने रजत एवं लखनऊ की नव्या चौरसिया व प्रयागराज की तृषा त्रिपाठी ने कांस्य पदक जीता।
बालिका अंडर-44 किग्रा में लखनऊ की प्राची मौर्या ने स्वर्ण, लखनऊ की एकता सिंह ने रजत एवं जौनपुर की रूचि प्रजापति ने कांस्य पदक जीते। बालिका क्योरगी 68 किग्रा में अधिक में लखनऊ की प्रियांशी जुगरान ने स्वर्ण व लखनऊ की शमाउल अलहम ने रजत पदक जीते। बालक क्योरगी 48 किग्रा से कम में प्रयागराज के आर्यन चौरसिया ने स्वर्ण, महराजगंज के अंकित यादव ने रजत एवं कौशांबी के वेद शर्मा व लखनऊ के शिवम कुमार ने कांस्य पदक जीते।
बालिका क्योरगी 49 किग्रा से कम में लखनऊ की रिया वर्मा ने स्वर्ण, प्रयागराज की शीतल शुक्ला ने रजत एवं लखीमपुर-खीरी की साक्षी शर्मा व कौशांबी की संजना यादव ने कांस्य पदक जीते। बालिका क्योरगी 52 किग्रा से कम में जौनपुर की रिया यादव ने स्वर्ण, गाजियाबाद की नंदिनी गुप्ता ने रजत एवं लखनऊ की खुशी व आस्था विश्वकर्मा ने कांस्य पदक जीते। बालिका क्योरगी 55 किग्रा से कम में प्रयागराज की अदिति पांडेय ने स्वर्ण, लखनऊ की शिवि सिंह ने रजत एवं झांसी की राधिका राजपूत ने कांस्य पदक जीते।