परिवहन विभाग के लखनऊ जोन के छह जनपदों के 19,398 कॉमर्शियल वाहनों पर 79.91 लाख रुपये की देनदारी है। इसकी वसूली के लिए विभाग सोमवार से वाहनों की धरपकड़ के लिए अभियान चलने जा रहा है। अभियान 25 नवंबर तक चलेगा।
बताया गया है कि 19,398 कॉमर्शियल वाहनों पर 25-25 हजार रुपये से अधिक का टैक्स बकाया है। इन वाहनों के मालिक लगभग सात-सात साल से कमाई तो कर रहे हैं पर टैक्स चुकता नहीं कर रहे। सर्वाधिक टैक्स देनदारी के वाहन उन्नाव व बकाया रकम हरदोई की है। डिप्टी जोनल कमिश्नर निर्मला प्रसाद ने सभी प्रवर्तन टीमों को आदेश दिए कि जिन वाहनों पर टैक्स बकाया उन्हें सीज कर मुख्यालय को रिपोर्ट किया जाए।
बकाया टैक्स का विवरण
जिले वाहन राशि (रुपये में)
लखनऊ 5150 17.18 लाख
उन्नाव 6122 2.96 लाख
रायबरेली 2249 12.52 लाख
सीतापुर 1250 11.98 लाख
लखीमपुर 3393 15.27 लाख
हरदोई 1225 20.00 लाख
कुल 19,398 79.91 लाख
लखनऊ में जब्त हरदोई की मोटर कैब
लखनऊ में रविवार प्रवर्तन दस्ते ने हरदोई की मोटर कैब (यूपी 30 टी-6445) को सीज किया। यह कुर्सी रोड पर अवैध रूप से सवारियों को ढो रही थी। यह कैब हरदोई निवासी जय बनर्जी के नाम से पंजीकृत है। इस पर 2013 से टैक्स नहीं भरा गया है और 2015 में ही फिटनेस खत्म हो चुका है।